*प्रेमिका को निकाह का झांसा देकर भगाया, पत्नी से तलाक की नौबत आई तो प्रेमिका को मारा*
संवाददाता बाबू अंसारी
जयपुर। आंधी थाना पुलिस ने डांगरवाड़ा में हुए महिला ओमकंवर के ब्लाइंड मर्डर मामले में मृतका के प्रेमी और दोस्त को शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी दस दिन पहले ही 30 वर्षीय ओमकंवर को निकाह का झांसा देकर भगा ले गए थे, लेकिन आरोपी प्रेमी की पत्नी के घरवालों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने पत्नी से तलाक लेने के बदले में आरोपी प्रेमी से मोटी रकम मांगी। रकम देने की स्थिति में नहीं होने पर प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर प्रेमिका की हत्या कर दी।
सड़क के पास फेंक गए…. जमवारामगढ़ वृताधिकारी शिवकुमार भारद्वाज ने बताया कि बूंदी के लाखेरी स्थित इन्द्रगढ़ निवासी इमाम हुसैन (30) और शहजाद खां (31) को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने नागौर के जायल स्थित ज्याणी निवासी ओमकंवर उर्फ कोमल (30) की आंधी थाना के डांगरवाडा के पास पत्थर से चेहरा कुचलकर हत्या कर शव सड़क के पास फेंक गए।
बाइक पर लेकर पहुंचे आरोपी….. आरोपी इमाम साजिश के तहत 26 अप्रेल को ओमकंवर को जयपुर में मजदूरी करने का झांसा देकर ले आया। यहां खुद के भाई के पास गया तो उसने भगा दिया। तब दोस्त शहजाद को बाइक लेकर दौसा बायपास बुलाया। यहां पर एक होटल में चाय पी। इस दौरान ओमकंवर की इमाम से कहासुनी हो गई। तब शहजाद ने कहा कि दस दिन में इतना गुस्सा कर रही है। इसे छोड़ दिया तो मुकदमे में फंसा देगी। इसे आज ही खत्म कर देते हैं। दोनों मनोहरपुर की तरफ गए और डांगरवाडा क्षेत्र में सुनसान जगह देखकर ओमकंवर की हत्या कर भाग गए।
छोडऩे का दबाव बनाया…. इमाम हुसैन के ससुराल वाले उसके किराए के मकान पर भी पहुंच गए और ओमकंवर को छोड़ने के लिए आरोपी पर दबाव बनाया। उन्होंने आरोपी से पत्नी को तलाक देने के बदले में मोटी रकम मांगी। मोटी रकम और मेहर भरने की स्थिति में नहीं होने पर आरोपी ने शहजाद के साथ मिलकर ओमकंवर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
यूं हुई पहचान…. ओमकंवर के पास एक बैग मिला, जिसमें 26 अप्रेल का दो लोगों का इन्द्रगढ़ से दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन तक का टिकट, सांगानेरी गेट से अजमेरी गेट तक लो फ्लोर के दो टिकट और मोबाइल मिला। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल व तकनीक के जरिए मृतका और आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतका की मां और भाई के सुपुर्द किया।
तीन वर्ष से पत्नी नहीं आ रही थी…. जमवारामगढ़ वृताधिकारी शिवकुमार भारद्वाज ने बताया कि आरोपी इमाम हुसैन की पत्नी करीब तीन वर्ष से नहीं आ रही थी। तब आरोपी इमाम ने दोस्त शहजाद खां को किसी युवती से निकाह करवाने के लिए कहा। शहजाद बहन की सहेली ओमकंवर को जानता था और उससे मोबाइल पर बातचीत करता था। आरोपी शहजाद तीन माह पहले ओमकंवर को झांसा देकर बुलाकर इमाम से निकाह करने की बात कही। ओमकंवर निकाह के लिए सहमत हो गई। तब प्रेमी इमाम उसे गांव ले गया। इमाम के ससुराल वालों को पता चला तो उन्होंने लाखेरी थाने में परिवाद दिया। पुलिस इमाम के घर पहुंची तो वह ओमकंवर को लेकर किराए के मकान में चला गया।


Leave a comment