जालोर में डिस्कॉम का कनिष्ठ अभियंता 4 हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
आवास एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी जारी
जयपुर, 08 फरवरी, बुधवार। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर जालोर इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये विनोद कुमार कनिष्ठ अभियंता वृत- सांकड़, सांचौर, जोधपुर डिस्कॉम, जालोर को परिवादी से 4 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक श्री हेमन्त प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने बताया कि ए.सी.बी. की जालोर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने की एवज में विनोद कुमार कनिष्ठ अभियंता वृत- सांकड़, सांचौर, जोधपुर डिस्कॉम, जालोर द्वारा 10 हजार रूपये रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है।
जिस पर एसीबी जोधपुर के महानिरीक्षक पुलिस श्री सवाई सिंह गोदारा के सुपरवीजन में एसीबी जालोर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महावीर सिंह राणावत के निर्देशन में द्वारा शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज पुलिस निरीक्षक श्री दीनदयाल वैष्णव द्वारा मय टीम के ट्रेप कार्यवाही करते हुये विनोद कुमार पुत्र श्री दयालाल राजपुरोहित निवासी दाता, सांचौर, जिला जालोर हाल कनिष्ठ अभियंता वृत- सांकड़, सांचौर, जोधपुर डिस्कॉम, जालोर को परिवादी से 4 हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक श्री दिनेश एम. एन. के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा ।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक श्री हेमन्त प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल-फ्री हैल्पलाईन नं. 1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नं. 94135-02834 पर 24×7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी। विदित रहे कि एसीबी राजस्थान राज्य में राज्य कर्मियों के साथ-साथ केन्द्र सरकार के कार्मिकों के विरूद्ध भी कार्यवाही करने को अधिकृत है।

प्रधान संपादक अमजद खान 7737376413
Leave a comment