प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्‍यम से जयपुर महाखेल को संबोधित किया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्यम से जयपुर महाखेल को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कबड्डी मैच भी देखा। जयपुर ग्रामीण से लोकसभा सांसद श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ 2017 से जयपुर महाखेल का आयोजन कर रहे हैं।

इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने इस व्‍यापक प्रतिस्‍पर्धा में पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह खिलाड़ी खेल के मैदान में केवल भाग लेने के लिए नहीं बल्कि जीतने और सीखने के लिए आए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जीत तभी सुनिश्चित होती है, जब उसमें सीखने की लगन शामिल होती है।’’ उन्होंने कहा कि कोई भी खिलाड़ी खेल के मैदान से खाली हाथ नहीं जाता। प्रधानमंत्री ने कहा, “खेल केवल एक शैली नहीं है, बल्कि एक उद्योग है, क्योंकि खेल से संबंधित चीजें और संसाधन बना रहे एमएसएमई के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल रहा है।“ उन्होंने खेल क्षेत्र से जुड़े एमएसएमई को मजबूत करने के लिए बजट में की गई कई महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी दी। उन्होंने पीएम विश्वकर्मा कौशल सम्मान यानि पीएम विकास योजना का उदाहरण दिया और कहा कि यह योजना शारीरिक कौशल और हाथ के औजारों से काम करने वाले लोगों के लिए बहुत मददगार साबित होगी। उन्होंने बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना द्वारा दी जाने वाली वित्तीय सहायता से हमारे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और उनके लिए नए बाजार भी तैयार होंगे।

संबोधन का समापन करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा, “जब पूरे मन से प्रयास किए जाते हैं, तो परिणाम सुनिश्चित होते हैं।” उन्होंने टोक्यो ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान देश के प्रयासों पर प्रकाश डाला और कहा कि परिणाम सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर महाखेल के दौरान किए गए प्रयासों के भविष्य में शानदार परिणाम मिलेंगे। प्रधानमंत्री ने निष्कर्ष के तौर पर कहा, “देश के लिए अगला स्वर्ण और रजत पदक विजेता आपके बीच से निकलेगा। अगर आप निश्चित कर लेंगे, तो ओलिंपिक में भी तिरंगे की शान बढ़ा पायेंगे। आप जहां भी जाएंगे देश का नाम रोशन करेंगे। मुझे विश्वास है, हमारे युवा देश की सफलता को बहुत आगे ले जाएंगे।“

इस अवसर पर जयपुर ग्रामीण से लोकसभा सदस्य श्री राज्यवर्धन सिंह राठौर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

पृष्ठभूमि

इस वर्ष कबड्डी प्रतियोगिता पर विशेष ध्यान देते हुए, यह महाखेल आयोजन राष्ट्रीय युवा दिवस यानि 12 जनवरी 2023 को शुरू हुआ। इस महाखेल में जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के 450 से अधिक ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं तथा सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों के वार्डों के 6400 से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों की भागीदारी हुई है। यह आयोजन जयपुर के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करता है और उन्हें खेल को करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित भी करता है।

प्रधान संपादक अमजद खान 7737376413

Comments

Leave a comment

Design a site like this with WordPress.com
Get started