टोंक में पुलिस थाना देवली का सहायक उपनिरीक्षक पुलिस 5 हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

आवास एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी जारी

जयपुर, 21 दिसम्बर, बुधवार / ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर टोंक इकाई द्वारा आज देवली में कार्यवाही करते हुये अर्जुनलाल मीणा सहायक उपनिरीक्षक, पुलिस थाना देवली, जिला टोंक को परिवादी से 5 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक श्री भगवान लाल सोनी ने बताया कि ए.सी.बी. की टोंक इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके विरूद्ध दर्ज रिपोर्ट में कार्यवाही नहीं करने की एवज में अर्जुनलाल मीणा सहायक उपनिरीक्षक, पुलिस थाना देवली, जिला टोंक द्वारा 50 हजार रूपये की रिश्वत राशि मांगकर परेशान किया जा रहा है।

जिस पर एसीबी अजमेर के उप महानिरीक्षक श्री समीर सिंह के सुपरवीजन में एसीबी टोंक इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश आर्य के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज उनकी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुये अर्जुनलाल मीणा पुत्र श्री जयनारायण मीणा निवासी मीणों का नयागांव, तहसील सावर, जिला अजमेर हाल सहायक उपनिरीक्षक, पुलिस थाना देवली, जिला टोंक को परिवादी से 5 हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक श्री दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपी के निवास, अन्य ठिकानों की तलाशी एवं पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा ।

एसीबी महानिदेशक, श्री भगवान लाल सोनी ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल-फ्री हैल्पलाईन नं. 1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नं. 94135-02834 पर 24×7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी। विदित रहे कि एसीबी राजस्थान राज्य में राज्य कर्मियों के साथ-साथ केन्द्र सरकार के कार्मिकों के विरूद्ध भी कार्यवाही करने को अधिकृत है।

प्रधान संपादक अमजद खान 7737376413

Comments

Leave a comment

Design a site like this with WordPress.com
Get started